
खबरों की दुनिया, रामनगर
कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे सुंदरखाल गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब नेशनल हाईवे-309 के पास एक बाघ ने अचानक सांड पर हमला कर दिया। इस रोमांचक और चौंकाने वाले दृश्य को वहां से गुजर रहे राहगीरों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।
सुंदरखाल गांव कॉर्बेट क्षेत्र से सटा हुआ इलाका है, जहां अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। जंगल के करीब होने के कारण बाघ, हाथी और अन्य जंगली जानवरों का आबादी के पास पहुंचना आम होता जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक जंगल की ओर से निकले बाघ ने सड़क किनारे मौजूद सांड पर हमला कर दिया। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाकर पूरे घटनाक्रम का वीडियो और फोटो अपने कैमरों में कैद कर लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वन्यजीवों की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत है। लोगों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।







