
खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
धारी तहसील के ग्राम दुदुली में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसा दुदुली–बबियाड़ मोटर मार्ग पर दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुआ। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण सड़क की जर्जर स्थिति को माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैक्स वाहन (यूके 04 टीए 1446) में चालक सहित छह लोग सवार थे। दुदुली के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पदमपुरी पहुंचाया गया। इस दुर्घटना में लता देवी (40), पत्नी दिनेश चंद्र शर्मा, निवासी दुदुली तथा हरीश चंद्र बेलवाल (52), पुत्र भैरव दत्त बेलवाल, निवासी अम्दौ को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायलों में दिनेश चंद्र शर्मा (48), कमल शर्मा (23) (चालक), निवासी दुदुली, तथा नेहा बेलवाल (17) और सुभाष बेलवाल (13), निवासी अम्दौ शामिल हैं। इनमें से तीन को गंभीर हालत में हायर सेंटर, हल्द्वानी रेफर किया गया है, जबकि दिनेश शर्मा को हल्की चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि उक्त वाहन क्षेत्र के शिक्षकों को प्रतिदिन उनके गंतव्य तक पहुंचाने का कार्य करता था। हादसे के समय भी वाहन शिक्षकों को छोड़कर पदमपुरी लौट रहा था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पदमपुरी में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु कांडपाल के नेतृत्व में डॉ. नेहल रतन और उनकी टीम ने घायलों का उपचार किया। मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जबकि पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
पिता की मौत से अनजान बच्चे हायर सेंटर में भर्ती
धानाचूली। इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। दिनेश शर्मा, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपनी पत्नी को खो दिया, स्वयं घायल होने के बावजूद गम में डूबे हैं। वहीं, हरीश चंद्र बेलवाल अपने बच्चों के साथ सफर कर रहे थे, लेकिन हादसे में उनकी मौत हो गई। उनके बच्चे नेहा और सुभाष, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है, अभी तक अपने पिता की मौत से अनजान हैं।


