
खबरों की दुनिया, नैनीताल
पाइंस क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें राजस्थान के पर्यटकों का वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें हल्द्वानी निवासी राहुल कुमार की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, डांगियावास (जोधपुर) राजस्थान निवासी अरविंद सिंह (24) अपने दोस्त युवराज सिंह (20) के साथ कैंची धाम दर्शन के लिए आए थे। हल्द्वानी में वे अपने मित्र राहुल कुमार से मिले और तीनों ने कैंची धाम व घोड़ाखाल मंदिर के दर्शन किए। इसके बाद नैनीताल लौटते समय पाइंस क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। घटना की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों को खाई से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राहुल कुमार को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि राहुल और अरविंद की दोस्ती लगभग एक साल पहले नैनीताल यात्रा के दौरान हुई थी। इस बार भी अरविंद ने राहुल को साथ चलने का आमंत्रण दिया था, लेकिन यह यात्रा एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी है।



