तेज रफ्तार कार ने ली दो महिलाओं की जान, चालक फरार

बैलपड़ाव में सुबह-सुबह हुआ दर्दनाक हादसा

खबरों की दुनिया, रामनगर

बैलपड़ाव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही ने दो महिलाओं की जिंदगी छीन ली। सड़क किनारे पैदल जा रही इन महिलाओं को एक अनियंत्रित कार ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।

यह घटना गैबुआ के पास फूड क्रिस्टल होटल के नजदीक हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक स्विफ्ट कार तेज गति में थी और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रही महिलाओं को टक्कर मार बैठी। दोनों महिलाएं सुबह घर से घास लेने के लिए निकली थीं, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर होगा। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और गंभीर रूप से घायल महिलाओं को रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन (यूके 19 बी 8791) मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान कमला देवी (55) पत्नी शिवराज सिंह और पुष्पा देवी (55) पत्नी केवलानंद भट्ट, दोनों निवासी पत्तापानी, बैलपड़ाव के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार कमला देवी के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं, जबकि पुष्पा देवी की चार बेटियां हैं। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में गहरा शोक है। त्यक्षदर्शी दयाल सिंह पन्नू ने बताया कि कार गलत दिशा से आ रही थी और सीधे महिलाओं को टक्कर मार दी। उनके अनुसार हादसा बेहद भयावह था और किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

अस्पताल के डॉक्टर हर्ष ने बताया कि दोनों महिलाओं को अत्यंत गंभीर हालत में लाया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह हादसा एक बार फिर यह याद दिलाता है कि तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क पर कितनी घातक साबित हो सकती है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें