शराब में जहर मिलाकर पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की

महिला व प्रेमी ने मिलकर शव नहर में फेंका, एसडीआरएफ की मदद से पुलिस ने शव बरामद किया

-आरोपी पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

खबरों की दुनिया, काशीपुर

एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। आरोप है कि दोनों ने शराब में जहर मिलाकर उसे पिलाया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीआरएफ की मदद से शव भी बरामद कर लिया गया है।

एसएसपी अजय गणपति ने रविवार को बताया कि ग्राम खानपुर उत्तरी मझरा रज्जावाला, थाना स्वार, जिला रामपुर (यूपी) निवासी चंद्रवती पत्नी रामप्रसाद ने 1 मई को आईटीआई कोतवाली में तहरीर दी थी। इसमें कहा गया था कि उसका बेटा कुलवंत सिंह 25 अप्रैल को घर से यह कहकर निकला था कि वह अपनी पत्नी गुड्डी के पास ग्राम बांसखेड़ा, काशीपुर जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह लापता हो गया। परिजनों ने जब पुत्रवधू गुड्डी से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह शाम को ही अपने घर जाने की बात कहकर चला गया था। जांच में सामने आया कि उसी दिन पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी गुड्डी का आचरण संदिग्ध है और उसका मसवासी (जिला रामपुर) निवासी कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या से प्रेम संबंध है। मोबाइल सर्विलांस से पुष्टि हुई कि घटना वाले दिन दोनों ग्राम बांसखेड़ा क्षेत्र में मौजूद थे। इसके बाद पुलिस ने गुड्डी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और उसे प्रताड़ित करता था। इससे परेशान होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। 25 अप्रैल को सल्फास, शराब और बियर मंगाई गई। प्रेमी ने शराब में जहर मिलाकर पति को पिलाया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में शव को कार में रखकर एनएच-74 बाईपास पुल के पास बड़ी नहर में फेंक दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मसवासी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर एसडीआरएफ की मदद से शव की तलाश की गई और जसपुर क्षेत्र की गढ़ी हुसैन नहर से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच में आईटीआई कोतवाली प्रभारी रवि कुमार, एसओजी प्रभारी सुनील सुतेड़ी, एसएसआई अरविंद बहुगुणा सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें