
हाईस्कूल व इंटर बोर्ड परीक्षा -हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 92.10%, इंटर का 85.11%
खबरों की दुनिया, रामनगर
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में हाईस्कूल का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.10 रहा, जबकि इंटरमीडिएट का कुल परीक्षाफल 85.11 प्रतिशत रहा। दोनों परीक्षाओं में इस वर्ष भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया। हाईस्कूल परीक्षा में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.07 रहा, जबकि छात्रों का 88.03 प्रतिशत रहा। इंटरमीडिएट में भी छात्राएं 88.09 प्रतिशत के साथ आगे रहीं, जबकि छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93 रहा।
हाईस्कूल परीक्षा की प्रदेशीय श्रेष्ठता सूची में एमपी हिंदू इंटर कॉलेज, रामनगर के अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में सरस्वती शिशु मंदिर, बागेश्वर की छात्रा गीतिका पंत एवं भानजु राम अमर इंटर कॉलेज, भूरारानी (ऊधम सिंह नगर) की छात्रा सुशीला मेहंदीरेत्ता ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शनिवार को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सभागार में परिषद के सभापति डॉ. मुकुल सती, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक दीवान सिंह बिष्ट तथा परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने संयुक्त रूप से परीक्षाफल घोषित किया। इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा में कुल 1,08,983 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 1,00,373 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। वहीं इंटरमीडिएट में 1,00,452 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 85,499 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।
हाईस्कूल में एसवीएम आईसीएस, चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी के ईशांत कोठारी तथा जीबी पंत जीआईसी, खैरना, नैनीताल की भूमिका ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। भूमिका ने बालिकाओं की सूची में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। विवेकानंद वीएमआईसी, मंडलसेरा, बागेश्वर के योगेश जोशी ने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इंटरमीडिएट में एसवीएमआईसी, आवास विकास, ऋषिकेश, देहरादून के आर्यन ने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि वंशिका (सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर, हरिद्वार) ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।


