अचानक हिरण के आने से बाइक रपटी, युवक गंभीर रूप से घायल

खबरों की दुनिया, रामनगर

रामनगर-रानीखेत नेशनल हाईवे 309 पर रिंगोड़ा के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब अचानक सामने आए हिरण से बाइक अनियंत्रित होकर रपट गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान राजेश पांडे (40 वर्ष), पुत्र रमेश चंद्र पांडे, निवासी क्यारी गांव, रामनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेश पांडे अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रिंगोड़ा के पास एक हिरण अचानक सड़क पर आ गया।

हिरण को बचाने की कोशिश में उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक फिसलते हुए काफी दूर तक घिसटती गई। हादसा इतना गंभीर था कि राजेश पांडे सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना दी और घायल को तत्काल रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर जंगली जानवर सड़क पर आ जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर चेतावनी संकेत और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

 

 

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें