खबरों की दुनिया, काशीपुर
दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुरादाबाद जिले की ठाकुरद्वारा तहसील के ग्राम लौंगी सुल्तानपुर निवासी अमित कुमार (24) पुत्र उदल सिंह महुआखेड़ा गंज स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। बुधवार देर रात करीब 10 बजे वह ड्यूटी के लिए बाइक से जा रहा था। इसी दौरान महुआखेड़ा गंज स्थित पैगा पुलिस चौकी के पास काशीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने अमित को एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं दूसरे घायल बाइक सवार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसकी पहचान नहीं हो सकी है।
गुरुवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के तहेरे भाई पवन कुमार ने बताया कि अमित की करीब दो-तीन महीने पहले ही फैक्ट्री में नौकरी लगी थी। वह रोज की तरह ड्यूटी पर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। अमित अपने पीछे माता-पिता, 10 वर्षीय छोटे भाई शरद और दो बहनों ज्योति व दीपा को छोड़ गया है।
