खबरों की दुनिया, खटीमा
पहेनियां–कुटरी बाईपास पर बिगराबाग चौराहे के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घायल अवस्था में उसे नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में शोक की लहर है।
कंजाबाग पटिया निवासी 25 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र स्वर्गीय गंगा प्रसाद सुबह घर से टहलने निकला था। वह बिगराबाग बाईपास पर मॉर्निंग वॉक कर रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर घायल को 108 एंबुलेंस की सहायता से नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, घर पर परिजन चाय के लिए मनोज का इंतजार करते रहे। काफी देर तक वापस न लौटने पर उन्होंने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान किसी ने बताया कि बाईपास पर एक दुर्घटना हुई है और घायल को अस्पताल ले जाया गया है। परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां शव की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मनोज तीन भाइयों में मंझला था और अविवाहित था। बड़ा भाई राजकुमार और छोटा भाई प्रमोद कुमार विवाहित हैं। मां सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। जिस स्थान पर मनोज को टक्कर मारी गई, वहीं वाहन की नंबर प्लेट टूटकर गिर गई थी। पुलिस ने नंबर प्लेट कब्जे में लेकर संबंधित वाहन की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी वाहन चालक को चिन्हित कर कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।




