दुकान में खून से लथपथ मिला युवा व्यापारी, सिर में गोली लगने से हालत गंभीर

घटनास्थल से अवैध पिस्टल बरामद, आत्महत्या या हत्या के प्रयास की जांच जारी

खबरों की दुनिया, रुद्रपुर

कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस स्थित एक शोरूम में गुरुवार देर रात एक युवा व्यापारी खून से लथपथ अवस्था में मिला। उसके सिर में गोली लगी है और हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके से एक अवैध पिस्टल बरामद की है। पुलिस आत्महत्या और हत्या के प्रयास, दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय ध्रुव चावला सिविल लाइंस में “किक्स विला” नाम से जूतों का शोरूम संचालित करते हैं। गुरुवार शाम करीब साढ़े आठ बजे उन्होंने अपनी मां से फोन पर बातचीत कर जल्द घर लौटने की बात कही थी। देर रात तक संपर्क न होने पर उनके पार्टनर ने लगभग सवा दस बजे शोरूम पहुंचकर देखा कि ध्रुव फर्श पर खून से लथपथ पड़े हैं। उनके सिर में गोली का घाव था और पास ही एक पिस्टल पड़ी हुई थी। उन्हें तत्काल निजी अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन स्थिति नाजुक होने पर चिकित्सकों ने दिल्ली रेफर कर दिया। शुक्रवार सुबह सूचना मिलते ही एसएसआई केसी आर्य फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार बरामद पिस्टल अवैध प्रतीत हो रही है तथा उसका कोई लाइसेंस सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें