खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
शराब तस्करी के शक में एक स्कूटी सवार युवक को कुछ महिलाओं ने रोक लिया। आरोप है कि महिलाओं ने उससे जबरन स्कूटी की डिग्गी खुलवाई और इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। डिग्गी से कच्ची शराब मिलने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद युवक गहरे मानसिक दबाव में आ गया। उसने परिजनों को पूरी घटना बताई और बाद में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले में शिकायत का इंतजार किया जा रहा है। घटना लालकुआं कोतवाली क्षेत्र की है।
रावतनगर बिंदुखत्ता निवासी दीपक सिंह (30) पुत्र माधव सिंह परिवार के साथ रहता था। सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे उसके भाई प्रवीण ने बताया कि कुछ दिन पहले दीपक स्कूटी से बाजार गया था और लौटते समय रास्ते में कुछ ग्रामीण महिलाओं ने उसे रोक लिया। उन्होंने उसका वीडियो बनाते हुए स्कूटी की डिग्गी खुलवाई। डिग्गी में कच्ची शराब मिलने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया।
प्रवीण के अनुसार, वीडियो तेजी से इलाके में फैल गया, जिससे दीपक मानसिक रूप से परेशान हो गया। लोगों के बीच चर्चा बढ़ने लगी और यह बात घर तक भी पहुंच गई। परिवार के पूछने पर दीपक ने पूरी घटना बताई और कहा कि उसकी बदनामी हो गई है। इसी मानसिक दबाव में आकर रविवार को उसने सल्फास खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।लालकुआं कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा ने बताया कि मामला संज्ञान में है, लेकिन अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
