खबरों की दुनिया, भीमताल
भीमताल विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सभा सूर्यजाला में एक महिला को बाघ ने निवाला बना दिया, जिससे क्षेत्र में एक बार फिर दहशत फैल गई। जानकारी के मुताबिक, भीमताल से लगभग 7 किलोमीटर दूर सूर्यजाला गांव की हंसी देवी, पत्नी लाल सिंह, दिन में जंगल लकड़ी लेने गई थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। करीब चार घंटे बाद उनका शव गांव से कुछ दूरी पर मिला।
इस घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। हाल ही में 2 फरवरी 2026 को भीमताल के वार्ड नंबर 6 में तेंदुए के हमले में एक महिला की मौत हुई थी। दो माह के भीतर दूसरी घटना से लोगों में डर बढ़ गया है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दे दी है। नेटवर्क समस्या के कारण संपर्क में दिक्कत आई, हालांकि वन विभाग ने घटना की पुष्टि की है।
