बच्चा चोरी की अफवाह पर महिला की पिटाई

पुलिस जांच में निकली मानसिक रूप से कमजोर

खबरों की दुनिया, रुद्रपुर

थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रविवार को बच्चा चोरी की अफवाह फैलने पर भीड़ ने एक महिला को संदिग्ध समझकर उसकी पिटाई कर दी और उसके हाथ-पांव बांध दिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से छुड़ाया। पूछताछ में पता चला कि महिला मानसिक रूप से कमजोर है और अक्सर इलाके में घूमती रहती है। इसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे वार्ड-8 शिवनगर में एक महिला घर के बाहर खेल रहे बच्चों के पास खड़ी दिखाई दी। काफी देर तक उसे बच्चों के आसपास घूमते देख कुछ लोगों को संदेह हुआ और देखते ही देखते बच्चा चोरी की अफवाह फैल गई। अफवाह फैलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर इकट्ठा हो गईं। भीड़ ने महिला को पकड़ लिया और उसके साथ धक्का-मुक्की व हाथापाई करने लगी। कुछ लोगों ने उसके हाथ-पांव भी बांध दिए। घटना की सूचना मिलने पर थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। पूछताछ के दौरान पता चला कि महिला मानसिक रूप से कमजोर है और आसपास के इलाके में अक्सर घूमती रहती है। तस्दीक के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी कि बिना पुष्टि के अफवाह फैलाने या किसी के साथ अभद्र व्यवहार करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें