
खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
मुखानी क्षेत्र से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पति की मौत के सदमे से उबर नहीं सकी एक महिला ने करीब एक साल बाद आत्महत्या कर ली। 43 वर्षीय विमला सती ने फंदे से झूलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
बताया जा रहा है कि विमला के पति, प्रॉपर्टी डीलर कौशल कुमार ने पिछले वर्ष टांडा जंगल में आत्महत्या कर ली थी। पति की अचानक मौत के बाद से ही विमला गहरे अवसाद में चली गई थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। परिजनों के मुताबिक वह लंबे समय से अनिद्रा और मानसिक तनाव से जूझ रही थीं।
घटना की रात विमला ने अपने 15 वर्षीय बेटे दक्ष और सास के साथ सामान्य रूप से भोजन किया। देर रात तक वह बेटे के साथ टहलती भी रहीं। लेकिन गुरुवार सुबह जब बेटा उठा तो मां कमरे में नहीं मिली। तलाश करने पर वह दूसरे कमरे में पहुंचा, जहां मां को पंखे से लटका देख उसकी चीख निकल गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें विमला ने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराते हुए लिखा है कि वह इस मानसिक स्थिति में अब और नहीं जी सकतीं। थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बेटे के साथ किराए के मकान में रहती थीं विमला
हल्द्वानी : पुलिस के अनुसार विमला सती अपने 10वीं में पढ़ने वाले बेटे के साथ जज फार्म स्थित एक मकान के ऊपरी हिस्से में किराए पर रहती थीं। मकान मालिक पिछले कुछ समय से बाहर थे और घर की देखरेख की जिम्मेदारी विमला के पास थी। गुरुवार सुबह जब बेटा उठा तो मां कमरे में नहीं मिली। तलाश करने पर वह मकान मालिक के कमरे में पहुंचा, जहां मां को फंदे से लटका देख वह स्तब्ध रह गया।
एक साल पहले पति ने भी की थी आत्महत्या
हल्द्वानी : मृतका के पति कौशल सती की लाश पिछले साल जून में टांडा जंगल में मिली थी। वह रात को घर नहीं लौटे थे और सुबह उनका शव जंगल में मिला। एक साल के भीतर ही इस परिवार पर दूसरा बड़ा हादसा टूट पड़ा।