खबरों की दुनिया, रामनगर
नगर क्षेत्र की एक विधवा महिला ने रिश्ते के भतीजे पर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, पीड़िता ने एसएसपी नैनीताल को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 2016 को उसके पति का निधन हो गया था, पति की मृत्यु के बाद वह गहरे सदमे में थी। उसका छोटा बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ है, जबकि बड़ा बेटा नशे की लत के कारण कई बार जेल जा चुका है और उसका उपचार भी चलता रहा है। महिला का आरोप है कि इसी कठिन परिस्थिति का लाभ उठाते हुए उसके पड़ोस में रहने वाले रिश्ते के भतीजे ने सहानुभूति जताई और खुद को उसका सहारा बताया। उसने भरोसा दिलाया कि वह महिला और उसके बच्चों की जिम्मेदारी उठाएगा। धीरे-धीरे उसने महिला को अपने विश्वास में ले लिया। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उसके बड़े बेटे की जमानत कराने के नाम पर उसे रामनगर के ढिकुली क्षेत्र स्थित एक होटल में बुलाया। वहां कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। यहां बेहोशी की अवस्था में आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया और बिना जानकारी के वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को लगातार ब्लैकमेल किया और कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि सामाजिक बदनामी के डर से वह लंबे समय तक चुप रही और किसी से शिकायत नहीं कर सकी।
वर्ष 2022 में जब उसने विरोध किया और आरोपी के घर जाकर इस बारे में बात की तो आरोपी की पत्नी और कुछ अन्य लोग उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज व मारपीट की। जिसमें वह घायल हो गई। उस समय समझौता कर आरोपी ने भविष्य में ऐसा न करने और वीडियो डिलीट करने का आश्वासन दिया था। महिला का आरोप है कि कुछ समय तक सब शांत रहा, लेकिन हाल ही में आरोपी ने फिर से फोन कर वीडियो अभी भी अपने पास होने की बात कही और उसे होटल में बुलाया। मना करने पर वीडियो वायरल करने और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी गई। महिला का कहना है कि वह लंबे समय से भय और तनाव में जी रही है। मामले में सुमित पांडे, क्षेत्राधिकारी रामनगर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, धारा 173 बीएनएसएस सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में जांच की जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




