खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
पूर्व भाजपाई और हिंदूवादी नेता विपिन पांडे को गुरुवार की शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। रविवार की देर शाम उजाला नगर क्षेत्र में हुए बवाल के बाद उनकी गिरफ्तारी हुई थी। शुक्रवार को उनको न्यायालय में पेश कर दिया गया।
घटना में पुलिस ने 50 अज्ञात लोगों पर उपद्रव करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किया था। मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई। जिनमें दो नाबालिग भी हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में बड़ा नाम विपिन पांडे का है। कमलुवागांजा क्षेत्र निवासी विपिन पर आरोप है कि उन्होंने घटना के दौरान लोगों को उपद्रव करने के लिए भड़काया था और साथ ही सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की थीं। पुलिस ने शुक्रवार को सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में उनका मेडिकल कराया। साथ ही न्यायालय में पेश कर दिया। उसके बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले की अभी भी जांच की जा रही है। जो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, उनसे पूछताछ भी की गई है। सीसीटीवी और मोबाइल रिकॉर्डिंग फुटेज को भी आधार बनाया जा रहा है। इस मामले में और भी गिरफ्तारी हो सकती है। उल्लेखनीय है कि रविवार की देर शाम उजाला नगर क्षेत्र में एक नवजात गोवंश का अंग मिला था। उसके बाद बवाल हो गया था। तोड़-फोड़ हुई और सड़क पर अराजकता की गई। बहुत ही मुश्किल से हालात को काबू में पाया गया था। हालांकि बाद में पता चला कि गोवंश के अंग के कुत्ते नोचकर वहां तक लाए थे।




