शॉर्ट सर्किट से लगी आग में ग्रामीण की दर्दनाक मौत

80 प्रतिशत तक झुलसे, घर में पसरा मातम

खबरों की दुनिया, चम्पावत

चम्पावत जिले के देवीधुरा क्षेत्र के वालिक गांव में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। शॉर्ट सर्किट से मकान में भीषण आग लगने से भीतर सो रहे गृहस्वामी 47 वर्षीय राजेंद्र सिंह बिष्ट गंभीर रूप से झुलस गए। सुबह मौके पर पहुंची चिकित्सकीय टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, राजेंद्र सिंह बिष्ट के दो मकान हैं। गुरुवार रात वह भोजन के बाद पुराने मकान में सोने चले गए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे नए मकान में ठहरे थे। बताया जा रहा है कि आधी रात के करीब ऊपरी मंजिल में शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। उस समय राजेंद्र गहरी नींद में थे, जिससे वह आग की चपेट में आ गए।

शुक्रवार तड़के करीब सवा पांच बजे ग्राम प्रधान राजू बिष्ट ने घटना की सूचना पाटी थाना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। चिकित्सकों ने मौके पर ही जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतक अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित नए मकान में सो रहे थे। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें