खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
हल्द्वानी के रानीबाग स्थित शीतला माता मंदिर परिसर के मार्ग पर गुरुवार सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक युवक और युवती को आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने का आरोप लगा। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने दोनों को रोककर पूछताछ की और बाद में काठगोदाम मल्ला पुलिस चौकी ले जाकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, मंदिर समिति के अध्यक्ष सचिन साह सुबह मंदिर परिसर का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान मंदिर मार्ग पर एक युवक और युवती को बैठा देखा गया। समिति के सदस्यों का आरोप है कि दोनों आपत्तिजनक हरकत कर रहे थे। इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और युवक-युवती को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि मंदिर जाने वाले मार्ग पर इस तरह की घटनाएं होने से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं और धार्मिक स्थल की गरिमा प्रभावित होती है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी काठगोदाम थानाध्यक्ष दिलीप कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, युवक और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे। युवक के बारे में यह भी चर्चा है कि उसकी शादी कहीं और तय होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।






