
खबरों की दुनिया, भीमताल
रामगढ़ क्षेत्र में पूर्व जिला पंचायत सदस्य और पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी के निर्माणाधीन स्कूल में जिला प्रशासन की जांच के नाम पर हंगामा हो गया। स्कूल की जांच के लिए पहुंचे तहसीलदार का स्थानीय लोगों ने उनका घेराव कर लिया। लाखन सिंह नेगी ने तहसीलदार से लिखित आदेश के बारे में जानकारी चाही। हालांकि तहसीलदार ने मौखिक आदेश की बात कही। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। जैसे ही तहसीलदार मौके पर पहुंचे, तो जनता भड़क गई। इस दौरान कांग्रेस नेता गोपाल सिंह बिष्ट भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए और उन्होंने इस घटना को राजनीति से प्रेरित बताया। मौजूद जनता ने मौके पर एसडीएम को बुलाने की मांग की। पूर्व जिला पंचायत सदस्य और ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी ने बताया कि उनकी पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष की दौड़ में है। जिसके चलते प्रशासनिक अधिकारी उन्हें परेशान कर रहे हैं। बताया कि वह चुनावी मैदान से पीछे हटने वाले नहीं है। गोपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि उनका पूरा समर्थन जिला पंचायत चुनाव में लाखन सिंह नेगी की पत्नी पुष्पा नेगी को रहेगा। वहीं उपजिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खलीक ने बताया कि रूटीन जांच के लिए तहसीलदार मौके पर गए थे। स्थानीय लोगों ने एक शिकायती पत्र दिया था। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।





