खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने अफरातफरी मचा दी। यूपी नंबर की कार को चालक ने लापरवाही से दौड़ाया, जिससे एक ही परिवार के चार लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में ढाई साल की बच्ची समेत तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मथुरा (उत्तर प्रदेश) निवासी डॉ. देवेंद्र कुमार पुत्र रघुराज सिंह ने जीआरपी थाना काठगोदाम में दी तहरीर में बताया कि 21 मार्च की सुबह करीब 10:45 बजे वह अपने साले तेजेरवर सिंह, पत्नी कनकमीत कौर और ढाई साल की बेटी अनाहत कौर के साथ काठगोदाम रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। बताया कि वे अपनी गाड़ी पार्किंग में खड़ी कर स्टेशन गेट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान टिकट घर की तरफ से तेज गति से आई एक कार ने पहले देवेंद्र को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देवेंद्र एक ओर जा गिरे, जबकि उनकी गोद में मौजूद बेटी अनाहत दूसरी ओर जा गिरी।
इसके बाद भी कार नहीं रुकी और चालक ने तेजेरवर सिंह तथा कनकमीत कौर को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घायल कनकमीत कौर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मौजूद लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। जीआरपी थाना काठगोदाम के अनुसार, पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


