गौकशी व मांस तस्करी में दो गिरफ्तार, पांच सौ किलो गौमांस बरामद

खबरों की दुनिया, बाजपुर

बाजपुर क्षेत्र में गोवंश संरक्षण स्क्वायड और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौकशी और मांस तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से करीब 500 किलो गौमांस, दो खाल, दो सिर, आठ पैर सहित मांस काटने व तौलने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

गोवंश संरक्षण स्क्वायड किच्छा और थाना बाजपुर पुलिस टीम दोराहा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हरलालपुर गांव में एक चारदीवारी वाले परिसर में तीन युवक गौमांस काटकर बेच रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही एक आरोपी साबिर मौके से फरार हो गया, जबकि दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम केलाखेड़ा निवासी फईम पुत्र हफीज और सद्दाम पुत्र बदलू बताया। दोनों आरोपी मौके पर गौमांस काटने और तौलने का कार्य कर रहे थे। मौके से पीली तिरपाल में रखा गौमांस, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, कुल्हाड़ी, चाकू, छुरी, सूजा, लकड़ी का गुटका और नीले रंग का ड्रम बरामद किया गया। पुलिस ने पशु चिकित्साधिकारी डॉ. कोमल सिंह को मौके पर बुलाकर मांस की जांच कराई, जिसमें उसे गौवंशीय पशु का मांस पाया गया। पशु चिकित्साधिकारी ने मांस के नमूने लेकर सील किए। शेष मांस, खाल, सिर और अन्य अवशेषों को नियमानुसार सील किया गया। बरामद औजारों और तराजू को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गौवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 3/5/11(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व में भी इस तरह की घटनाओं में संलिप्त रहने की बात स्वीकार की है। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। संयुक्त टीम में उपनिरीक्षक एवं प्रभारी गोवंश संरक्षण स्क्वायड पंकज बेलवाल, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल पुष्कर राठौर, दोराहा पुलिस चौकी में तैनात एएसआई सुनील कुमार, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

 

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें