डोडा में दर्दनाक सड़क हादसा: सेना का वाहन गहरी खाई में गिरा, 10 जवान शहीद, 11 घायल

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के 10 जवानों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा भद्रवाह–चंबा मार्ग पर खन्नी टॉप के समीप उस समय हुआ, जब सेना का वाहन ऑपरेशनल ड्यूटी के लिए रवाना हुआ था।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, खन्नी टॉप के पास तीव्र मोड़ और दुर्गम पहाड़ी मार्ग पर वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे वाहन लगभग 400 फीट गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में 10 जवानों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 11 जवान घायल अवस्था में मिले। घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल भद्रवाह ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सेना के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दुखद घटना पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर से बेहतर इलाज के निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। हादसे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सहित कई नेताओं ने गहरा दुख जताया और शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। इस हादसे से पूरे देश में शोक की लहर है। शहीद जवानों की कुर्बानी को देश हमेशा याद रखेगा।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें