
खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार, 30 दिसंबर की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भिकियासैंण–विनायक मार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बस पहाड़ क्षेत्र से रामनगर की ओर जा रही थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन ने अब तक 5 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। बस में कुल 19 यात्री सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
गहरी खाई और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके, टीमों द्वारा खाई में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास लगातार जारी है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बस हादसे के मृतकों के आश्रितों के लिए 14 लाख स्वीकृत
सड़क दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उत्तराखण्ड सड़क परिवहन दुर्घटना राहत निधि नियमावली के अंतर्गत मृतकों के आश्रितों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, रामनगर से प्राप्त दुर्घटना जाांच आख्या के आधार पर कुल 14 लाख की राहत धनराशि स्वीकृत की गई है। यह धनराशि उत्तराखण्ड सड़क परिवहन दुर्घटना राहत निधि, अल्मोड़ा से आरटीजीएस के माध्यम से तहसीलदार भिकियासैंण को उपलब्ध कराई गई, ताकि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार शीघ्र सहायता राशि वितरित की जा सके। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वितरण की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यक अभिलेख समय से उपलब्ध कराए जाएं।


