
खबरों की दुनिया, काशीपुर
धान से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। घटना में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर बक्सोरा निवासी सुनील सिंह (20) पुत्र बिशन सिंह गांव के ही निवासी अपने साथी सत्यम सिंह (23) पुत्र धर्मवीर सिंह के साथ किसी काम से गांव भरतपुर बाइक से गया था। बीते शुक्रवार की दोपहर लगभग 2:30 बजे सुनील भरतपुर से अपने दोस्त सत्यम के साथ घर लौट रहा था। उधर जसपुर के ग्राम तालमपुर निवासी सत्यवीर उर्फ सोनू (30) पुत्र हरपाल सिंह शुक्रवार की दोपहर लगभग 2:30 बजे अपनी बहन सोनम को उसकी ससुराल गांव भरतपुर छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान कुंडा थाना क्षेत्र स्थित कृपाल आश्रम के पास पीछे से आ रहे हैं तेज रफ्तार धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने दोनों बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार सुनील, सत्यम और सत्यवीर उर्फ सोनू अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन घायलों को निजी अस्पताल ले गए। जहां देर शाम सुनील और सत्यवीर उर्फ सोनू की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। वहीं हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शनिवार को दोनों शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। जबकि घायल सत्यम के एक पैर में फ्रैक्चर हो गया, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। समाचार लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।


