चिंतोली में पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो युवकों की मौत

अनियंत्रित होकर पलटी ट्रॉली, पत्थरों के नीचे दबे चार युवक

खबरों की दुनिया, अल्मोड़ा

जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार को स्याल्दे ब्लॉक के चिंतोली गांव के समीप पत्थरों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में चार युवक पत्थरों के नीचे दब गए। सभी को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट ले जाया गया, जहां रास्ते में ही दो युवकों ने दम तोड़ दिया, जबकि दो घायलों को गंभीर हालत में रामनगर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली पत्थर लेकर चिंतोली गांव की ओर जा रही थी। ट्रैक्टर में चालक समेत चार युवक सवार थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रॉली पलट गई और उसमें लदे पत्थरों के नीचे सभी दब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवकों को बाहर निकालकर सीएचसी देघाट पहुंचाया गया।

इस दौरान दर्शन सिंह (पुत्र छोदाण सिंह) और चंदन सिंह (पुत्र प्रेम सिंह), दोनों निवासी चिंतोली, ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं गोपाल सिंह (पुत्र गब्बर सिंह) और नरेंद्र सिंह (पुत्र दीवान सिंह) को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में रामनगर रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें