बाघ ने बुजुर्ग को बनाया निवाला, तड़म गांव में दहशत

खबरों की दुनिया, अल्मोड़ा

सल्ट ब्लॉक के तड़म गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जंगल गए एक बुजुर्ग को जंगली जानवर ने मार डाला। मृतक की पहचान 60 वर्षीय खीम सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, खीम सिंह सुबह अपने मवेशियों के लिए चारा लेने गांव के समीप स्थित जंगल में गए थे। काफी समय बीतने के बाद जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। उनकी पत्नी मुन्नी देवी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान जंगल में खीम सिंह का क्षत-विक्षत शव मिला, जिसे देखकर सभी स्तब्ध रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एहतियात के तौर पर विभाग की टीम गांव में ही डेरा डाले हुए है और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं वन क्षेत्राधिकारी गंगा शरण ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। प्रथम दृष्टया मामला जंगली जानवर के हमले का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला बाघ ने किया या गुलदार ने। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें