भूतबंगला में पथराव व धारदार हथियार चलने से तीन घायल

गुरुवार देर रात की घटना, इलाके में पुलिस बल तैनात

खबरों की दुनिया, रुद्रपुर

रुद्रपुर के भूतबंगला वार्ड में गुरुवार देर रात होली के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से पथराव और धारदार हथियार चलने की घटना सामने आई, जिसमें एक ही परिवार के तीन युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे कुछ लोग डीजे के साथ होली का जश्न मना रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति टुकटुक लेकर वहां से गुजर रहा था, जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। इस दौरान हुई झड़प में नदीम, मोहसिन और जुबैर नाम के तीन युवक घायल हो गए, जो आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं। वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोगों के भी घायल होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी प्रशांत कुमार, कोतवाल मनोज रतूड़ी और रंपुरा चौकी प्रभारी कविंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इसके बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। एक महिला ने आरोप लगाया कि जब वह सूचना देने के लिए रंपुरा चौकी पहुंची तो वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। महिला का कहना है कि उक्त व्यक्ति बिना वर्दी के था और स्वयं को पुलिस कर्मी बता रहा था। हालांकि इस दौरान मौजूद एक अन्य पुलिसकर्मी ने बीच-बचाव कर महिला को बचाया। पीड़िता ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।

विवाद की वजह को लेकर अलग-अलग दावे

रुद्रपुर। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होली समारोह के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। कुछ लोगों का कहना है कि एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद तनाव की स्थिति पैदा हुई और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मामले में कोतवाल, रुद्रपुर मनोज रतूड़ी के अनुसार गुरुवार देर रात आपसी कहासुनी के बाद पथराव और धारदार हथियार चलने की घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अराजक तत्वों की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

 

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें