खबरों की दुनिया, काशीपुर
काशीपुर क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार डंपर और कार की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर चीख-पुकार का माहौल बन गया।
आईटीआई थाना क्षेत्र अंतर्गत पैगा पुलिस चौकी के ग्राम बांसखेड़ा खुर्द के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो लोग बुरी तरह फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
हादसे में टैक्सी चालक आकाश दीप छीना (26) निवासी ग्राम गुलजारपुर, काशीपुर, शिक्षक खादिम (48) निवासी कासमपुर गढ़ी, अफजलगढ़, बिजनौर और गुरजिंदर सिंह (30) निवासी ग्राम भरतपुर, कुंडा थाना क्षेत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोहम्मद नईम (प्राइमरी शिक्षक, निवासी नेजे सराय, अफजलगढ़) और राजे आलम (निवासी मझरा लक्ष्मीपुर पट्टी, काशीपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजनों द्वारा अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक आकाश दीप छीना रविवार शाम टैक्सी लेकर दिल्ली गए थे और सोमवार तड़के सवारियों को लेकर काशीपुर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर से उनकी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक आकाश दीप अपने परिवार का इकलौता बेटा था और अविवाहित था। मृतक शिक्षक खादिम संविलयन विद्यालय पुक्खेवाला, अफजलगढ़ में सहायक शिक्षक के पद पर तैनात थे। कुछ दिन पहले वे हज यात्रियों को प्रशिक्षण देने मुंबई गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया। वे अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों — फरमान (20), अरमान (17), अनस (15), अब्दुला (12) और एहराम (3) को छोड़ गए हैं। वहीं गुरजिंदर सिंह भी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और अविवाहित था। वह मुथूट फाइनेंस की रामनगर शाखा में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।आईटीआई थानाध्यक्ष रवि सैनी ने बताया कि मृतक आकाश के मौसेरे भाई की तहरीर पर डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। डंपर और चालक दोनों को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों के घरों के चिराग बुझा दिए, और पूरे इलाके में मातम का माहौल बना हुआ है।

