
खबरों की दुनिया, , नैनीताल
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी की कड़ी निगरानी के चलते पुलिस ने कालाढूंगी क्षेत्र में विगत 14 फरवरी की रात हुई लड़ाई-झगड़े और फायरिंग के तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। इस कार्रवाई में 2 अवैध पिस्टल, 1 तमंचा और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को उत्साहवर्धन को 1,500 रुपए से पुरस्कृत किया।
घटना की जानकारी चौकी बेलपड़ाव को डायल 112 के माध्यम से मिली थी कि हल्द्वानी रोड पर बैलपोखरा गांव जाने वाले तिराहे के पास कुछ व्यक्तियों के बीच झगड़ा और फायरिंग हुई। सूचना पर क्षेत्राधिकारी रामनगर, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी व पुलिस बल मौके पर पहुंचे, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण और वीडियोग्राफी की तथा खोखे बरामद किए।
16 फरवरी को वादिनी बलजीत कौर पत्नी लवप्रीत सिंह, ग्राम बच्चीनगर ने रंजीत सिंह, पुत्र दर्शन सिंह, बैलपोखरा, मनदीप सिंह उर्फ मंगा, पुत्र मलकीत सिंह, उदयपुरी व गुरप्रीत सिंह उर्फ गोप्पी, पुत्र निर्मल सिंह, शेखपुरा थाना स्वार, रामपुर नामजद आरोपियों समेत एक
एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी। इसके आधार पर कोतवाली कालाढूंगी में मामला पंजीकृत हुआ था। मामले में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए नामजद अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी की टीम ने 20 फरवरी को गडप्पू बैरियर के पास से गुरप्रीत सिंह, रंजीत सिंह और मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध असलहे और कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि वादिनी के पति लवप्रीत के मित्र हरभजन और रंजीत सिंह के बीच पुरानी रंजिश थी। पुलिस ने गुरप्रीत सिंह के पास से 1 देशी पिस्टल 2 कारतूस, रंजीत सिंह के पास से 1 देशी पिस्टल, 2 कारतूस और मनदीप सिंह के पास से 1 .22 बोर तमंचा और 1 कारतूस बरामद किए। इसके साथ घटनास्थल से 11 खोखे 32 बोर और 2 खोखे .22 बोर बरामद हुआ। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी, वरिष्ठ उनि. पंकज जोशी, वरिष्ठ उनि दीपक बिष्ट, उनि राजवीर सिंह, उनि राजेश जोशी (एसओजी प्रभारी), उनि देवेंद्र राणा, कांस्टेबल अखिलेश तिवारी, स्वरुप सिंह, उमेश राम, मिथुन कुमार, संजय दोसाद, प्रीतम सिंह, अमनदीप सिंह आदि शामिल थे।




