खबरों की दुनिया, हल्द्वानी/नैनीताल
नैनीताल जिले के विभिन्न न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एहतियातन सभी न्यायालय परिसरों को तत्काल खाली करा दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
किन-किन न्यायालयों में हुई जांच : धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय नैनीताल, रामनगर कोर्ट और हल्द्वानी जजी कोर्ट में पुलिस ने व्यापक तलाशी ली। नैनीताल में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को सक्रिय कर परिसर के कोने-कोने की जांच की गई।
सरकारी मेल पर आई धमकी : हल्द्वानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष केके पंत के अनुसार, जिला जज की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक संदिग्ध मेल प्राप्त हुई। मेल में दावा किया गया कि न्यायालय परिसर में जज के चैंबर में “12 आरडीएक्स आईईडी” लगाए गए हैं, जो शीघ्र विस्फोट कर सकते हैं। साथ ही दोपहर 12:15 बजे तक परिसर खाली कराने की चेतावनी दी गई। यह ई-मेल 16 फरवरी को सुबह 8:41:53 बजे भेजी गई बताई जा रही है। मेल में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में न्यायालय को उड़ाने की धमकी दी गई थी।
तत्काल खाली कराए गए परिसर: धमकी की सूचना मिलते ही दोपहर तक सभी न्यायालय परिसरों को खाली करा दिया गया। करीब 1:30 बजे तक स्थिति सामान्य नहीं हो सकी थी और सुरक्षा एजेंसियां तलाशी अभियान में जुटी रहीं। इस दौरान कोतवाल विजय मेहता और एसपी क्राइम मनोज कत्याल भी हल्द्वानी कोर्ट परिसर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
मेल में आपत्तिजनक संगठनों का जिक्र : कथित ई-मेल में कुछ विवादित संगठनों का भी उल्लेख किया गया है, जिसकी जांच साइबर और खुफिया एजेंसियां कर रही हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हैं और धमकी देने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।




