महिला ने नंधौर नदी में कूद कर जान दी

रविवार सुबह करीब साढ़े 3 बजे महिला निकली थी घर से

खबरों की दुनिया, हल्द्वानी

नंधौर नदी के तेज बहाव में कूदकर एक महिला ने जान दे दी। उसका शव घर से दो किलोमीटर दूर बरामद किया गया। महिला सुबह करीब 3 बजे घर से निकली थी और उस वक्त परिवार सोया हुआ था। सुबह करीब 5 बजे परिजनों को पता लगा कि महिला घर से गायब है। इसी के कुछ देर बाद महिला का शव बरामद किया गया।

लाखनमंडी चोरगलिया निवासी ममता पोखरिया (45 वर्ष) पत्नी राम दत्त पोखरिया यहां परिवार के साथ रहती थी। परिजनों के मुताबिक, ममता रोजाना सुबह साढ़े चार से पांच बजे के बीच घर से दूध लेने निकलती थी। रविवार की सुबह भी वह घर से निकली, लेकिन किसी को बता कर नहीं गई और न ही घर लौटी। सुबह करीब पांच बजे राम दत्त की आंख खुली तो ममता घर पर नहीं थी। इधर, घटना स्थल से दो किलोमीटर दूर सुनारखेड़ा स्थित नंधौर नदी में ममता का शव एक स्थानीय व्यक्ति ने देखा और सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चोरगलिया पुलिस मौके पर पहुंची और तेज बहाव के बीच से ममता के शव को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि महिला ने नदी में कूद कर जान दी है। चोरगलिया थानाध्यक्ष राजेश जोशी ने बताया कि नंधौर नदी से महिला का शव बरामद किया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें