
खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
दीपावली के अगले दिन तेज रफ्तार ने घर के इकलौते चिराग को बुझा दिया। वहीं, इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। गांव सिली जागीर, बहेड़ी (यूपी) निवासी भगवत सिंह (29) पुत्र कुलवंत सिंह मंगलवार को बाइक से सितारगंज से अपने घर जा रहा था। तभी रास्ते में किच्छा हाईवे पर स्थित शिव मंदिर के पास एक अज्ञात वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में उसकी बाइक के चिथड़े उड़ गए। वहीं, उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लोगों ने पुलिस और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे उप जिला चिकित्सालय सितारगंज में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने ईसीजी मशीन से जांच कर उसकी मौत होने की पुष्टि की। डॉक्टर ने बताया कि हादसे में उसे गंभीर चोट लगी थी। जिसमें उसका एक पैर पूरी तरह कुचल गया था। साथ ही, उसका सिर भी फट गया था। उसके नाक-मुंह से खून निकल रहा था। वहीं, चचेरे भाई हरप्रीत सिंह ने बताया कि वह गांव सिसईखेड़ा स्थित एक बाइक के शोरूम में कार्यरत है। मंगलवार रात को भगवंत की बहन हरप्रीत कौर ने फोन कर उसे घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह घटनास्थल पर पहुंचा था। उसने बताया कि हरप्रीत की शादी नहीं हुई थी। वह अपनी मां हरपिंदर कौर के साथ रहता था। वहीं उसके पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। वह अपने घर का इकलौता बेटा था। इसके अलावा उसकी दो बहने हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। वह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वहीं, भगवंत की मौत होने से उसकी मां और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
