
खबरों की दुनिया, रामनगर
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बीचों-बीच बहने वाली रामगंगा नदी से मंगलवार को एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने देखने वालों के रोंगटे खड़े कर दिए। मर्चुला के प्रसिद्ध क्रोकोडाइल प्वाइंट पर एक मगरमच्छ ने पलक झपकते ही हिरण (काकड़) को अपना शिकार बना लिया। यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों के कैमरों में कैद हो गया और देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया।
वीडियो में दिखाई देता है कि एक हिरण बेखबर होकर नदी किनारे पानी पीने पहुंचता है। उसे जरा भी आभास नहीं होता कि रेत पर लकड़ी की तरह स्थिर पड़ा एक मगरमच्छ घात लगाए बैठा है। जैसे ही हिरण उसके करीब पहुंचता है, मगरमच्छ बिजली की फुर्ती से हमला बोल देता है। कुछ ही सेकंड में वह हिरण को अपने मजबूत जबड़ों में जकड़ लेता है। हिरण संभल पाता, उससे पहले ही मगरमच्छ उसे घसीटते हुए रामगंगा के गहरे पानी में ले जाता है। पानी में उतरते ही दोनों कुछ क्षणों में ओझल हो जाते हैं। यह पूरा दृश्य जंगल के उस कठोर सच को सामने लाता है, जहां हर पल जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष जारी रहता है।
यह दृश्य जहां पर्यटकों के लिए रोमांच और हैरानी का कारण बना, वहीं वन्यजीवन की वास्तविकता को भी उजागर करता है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि यह पूरी तरह प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा है। शिकारी और शिकार दोनों ही पारिस्थितिकी तंत्र (ईको सिस्टम) के महत्वपूर्ण अंग हैं। ऐसी घटनाएं जंगल के संतुलन को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। रामगंगा नदी और मर्चुला क्षेत्र वन्यजीव प्रेमियों के लिए लंबे समय से आकर्षण का केंद्र रहे हैं। यहां प्रकृति का अनछुआ और वास्तविक रूप अक्सर देखने को मिल जाता है। सीटीआर के निदेशक डॉ. बडोला ने पर्यटकों से अपील की है कि वे जंगल सफारी के दौरान पूरी सावधानी बरतें और किसी भी वन्य जीव को परेशान न करें। जंगल का हर दृश्य रोमांचक जरूर होता है, लेकिन यह प्रकृति का अपना नियम और संतुलन है, जिसे समझना और सम्मान देना आवश्यक है।


