खबरों की दुनिया, काशीपुर
एक तेज रफ्तार कार ने स्कूल जा रही शिक्षिका को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षिका का एक पैर कटकर शरीर से अलग हो गया और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्राम लालपुर बकसौरा निवासी नरेश कुमार ने आईटीआई पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी 28 वर्षीय पुत्री दीपिका रानी, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज काशीपुर में शिक्षिका हैं। शुक्रवार सुबह करीब 9:00 बजे अपनी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी से स्कूल जा रही थी। पैगा चौकी से काशीपुर की ओर लगभग 400 मीटर की दूरी पर, सामने से गलत दिशा में आ रही एक कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। बताया कि कार चालक सुमित कुमार निवासी गोविंदपुर, संभल, यूपी इतनी तेज गति में था कि वह स्कूटी को रौंदते हुए कार समेत खेत में जाकर पलट गया। बताया कि इस दुर्घटना में दीपिका रानी का दायां पैर कट गया है और हाथ तीन जगह से फ्रैक्चर हो गया है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने कहा कि हादसे के बाद उसकी पुत्री का पूरा भविष्य बर्बाद हो गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट कर ली है। कोतवाली आईटीआई के कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



