
खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
दिल्ली से देहरादून होते हुए नैनीताल घूमने आई एक महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने वाले टैक्सी चालक को पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। महिला की बहादुरी और सतर्कता के चलते आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
शनिवार को बहुउद्देशीय भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि 5 मार्च को दिल्ली निवासी एक महिला पर्यटक देहरादून से बस के जरिए हल्द्वानी पहुंची थी। देर रात होने के कारण वह ऑटो से काठगोदाम पहुंची और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी बुक की।
टैक्सी में बैठने के बाद महिला ने सुरक्षा के लिए गूगल मैप ऑन कर लिया। रात करीब डेढ़ बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। मैप देखकर महिला को शक हुआ तो उसने चालक से इसका विरोध किया।
आरोप है कि चालक ने सुनसान जगह पर कार रोक दी और ड्राइविंग सीट से उतरकर पिछली सीट पर बैठी महिला के पास पहुंच गया। उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। इस दौरान महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपी से संघर्ष किया और उसे जोरदार लात मार दी, जिससे वह कार से नीचे गिर गया।
मौका पाकर महिला कार से उतरकर अंधेरे में भाग गई और पास ही पत्थरों की आड़ में छिप गई। सुबह होने पर एक स्थानीय महिला की नजर उस पर पड़ी, जिसने उसकी मदद की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल महिला का मेडिकल परीक्षण कराया, काउंसिलिंग कराई और आरोपी की तलाश में टीमें लगा दीं।
जांच के दौरान पता चला कि जिस कार में वारदात की कोशिश हुई उसमें जीपीएस लगा था। पुलिस ने जीपीएस लोकेशन के आधार पर आरोपी को पाइंस-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गुजरौड़ा फतेहपुर, थाना मुखानी निवासी दीपक सिंह बोरा (39) के रूप में हुई है। पुलिस ने कार को सीज कर दिया है और पीड़िता से लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी एमबीपीजी कॉलेज से बीए पास है और उसके पिता सेवानिवृत्त फौजी हैं। पुलिस टीम में तल्लीताल थानाध्यक्ष मनोज सिंह नयाल, एसआई सतीश उपाध्याय, बबीता, एएसआई सुनील कुमार, कांस्टेबल बृजमोहन और परमजीत सिंह शामिल रहे। एसएसपी ने कहा कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार मालिक पर भी होगी कार्रवाई
हल्द्वानी : एसएसपी ने बताया कि जब्त की गई कार अनिकेत जायसवाल के नाम पर पंजीकृत है, जो पेशे से शिक्षक हैं और दो टैक्सी वाहनों के मालिक हैं। उन्होंने आरोपी चालक का पुलिस सत्यापन नहीं कराया था और वह टैक्सी यूनियन का सदस्य भी नहीं है। ऐसे में वाहन के पंजीकरण को निरस्त करने के लिए आरटीओ को पत्र भेजा जाएगा। साथ ही टैक्सी मालिकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल सत्यापित और यूनियन से जुड़े चालकों को ही वाहन किराए पर दें।
एसएसपी ने बताया कि मामले की त्वरित सुनवाई के लिए पुलिस फास्ट ट्रैक कोर्ट में पैरवी करेगी। घटना स्थल की वीडियोग्राफी कराई गई है। मौके से पीड़िता की भागते समय छूटी एक चप्पल भी बरामद हुई है। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने वहां से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में एक्साइज एक्ट के तहत एक मामला दर्ज हो चुका है।



