खबरों की दुनिया, देहरादून
रायपुर पुलिस थाने में हवालात में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की मौत के मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया और रविवार को उप निरीक्षक (एसआई) कृष्ण कुमार सिंह को पद की गरिमा के अनुरूप व्यवहार न करने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया।
घटना शनिवार देर शाम हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने एसपी देहात जया बलूनी को जांच का आदेश दिया है। एसएसपी ने बताया कि मृतक के परिजनों के साथ अनुचित व्यवहार किए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसआई को निलंबित किया गया। एसपी देहात ने प्रारंभिक जानकारी दी कि प्रथम दृष्टया सुनील रतूड़ी ने कंबल का फंदा बनाकर आत्महत्या की प्रतीत होती है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। एसएसपी ने कहा कि यह मामला अत्यंत गंभीर है और इसमें राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। पूरे घटनाक्रम की न्यायिक मजिस्ट्रेट स्तर पर भी जांच सुनिश्चित की जाएगी। निष्पक्ष जांच के लिए रायपुर थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है और एसपी देहात की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, रतूड़ी के परिजनों ने आरोप लगाया है कि सुनील ने पुलिस की मौजूदगी में आत्महत्या की, और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
