हल्द्वानी की गल्ला मंडी में डबल मर्डर से सनसनी, युवक-युवती के सिर पत्थरों से कुचलकर हत्या

खबरों की दुनिया, हल्द्वानी

शहर के गल्ला मंडी क्षेत्र में गुरुवार तड़के युवक और युवती की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने दोनों के सिर और चेहरे को पत्थरों से बुरी तरह कुचल दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि गल्ला मंडी स्थित गोदामों के पास एक युवक और युवती के शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल के पास खून से सने पत्थर बरामद हुए हैं, जिनसे हत्या किए जाने की आशंका है।

मृतकों की पहचान 19 वर्षीय लक्ष्मी, निवासी तल्ली पोखरी (नैनीताल) और 31 वर्षीय शुभम कुमार टम्टा, निवासी तल्ला खोल्टा (अल्मोड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस को युवक के पास से चंपावत और अल्मोड़ा के आधार कार्ड मिले। साथ ही मौके से पर्स, लाइटर, निरोध, इलेक्ट्रॉनिक सिगार (ई-सिगार) तथा कुछ अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक तौर पर मामला आपसी रंजिश या प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका व्यक्त की जा रही है, लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी मंजुनाथ टीसी और एसपी सिटी मनोज कत्याल ने मौके का निरीक्षण किया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मंडी के व्यापारियों और मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस मृतक युवक और युवती के हल्द्वानी आने के उद्देश्य, यहां रहने की अवधि और उनके आपसी संबंधों की भी जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। वर्षों बाद शहर में हुए इस डबल मर्डर से हल्द्वानी दहल उठा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें