खबरों की दुनिया, रामनगर
रामनगर के पीरूमदारा चौकी क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 309 पर मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। पीरूमदारा क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस की सहायता से घायल को तुरंत रामनगर स्थित रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के संबंध में मृतक के बेटे गगनदीप ने बताया कि उनके पिता सुबह अपनी बाइक से काशीपुर स्थित फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे नई बस्ती के पास पहुंचे, तभी काशीपुर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान सोहन लाल पुत्र बनारसी लाल (उम्र 61 वर्ष), निवासी भवानीपुर खुल्बे के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोहन लाल काशीपुर स्थित एक निजी कंपनी में चालक के रूप में कार्यरत थे और प्रतिदिन ड्यूटी पर आते-जाते थे।हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर चिंता व्यक्त की है।



