43 रन से जीती रायल राइडर पंजाब, शहजाद की शानदार पारी

खबरों की दुनिया, हल्द्वानी

गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के क्रिकेट मैदान में रविवार को खेले गए मुकाबले में रायल राइडर पंजाब की टीम ने कोणार्क सूर्यास ओडिशा को 43 रन से हरा दिया। टीम की जीत में अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद शहजाद की अहम भूमिका रही। उन्होंने 35 गेंदों में एक छक्का और पांच चौकों की मदद से 41 रन बनाकर टीम के लिए सर्वाधिक स्कोर किया।

मुकाबले में कोणार्क सूर्यास ओडिशा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और रायल राइडर पंजाब को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। असगर अफगान की कप्तानी में उतरी पंजाब की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 156 रन बनाए। कप्तान असगर अफगान ने 10 गेंदों में एक छक्के की मदद से 9 रन बनाए, जबकि थिसारा परेरा ने नौ गेंदों में एक छक्का लगाकर 11 रन का योगदान दिया। 157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोणार्क सूर्यास ओडिशा की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान जर्मेन ब्लैकवुड मात्र 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फैज अहमद खान ने 10 गेंदों में दो चौकों की मदद से 15 रन बनाए, लेकिन ऋषि धवन ने उन्हें रन आउट कर दिया। टीम की ओर से मोर्ने वान ने संघर्षपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 38 गेंदों में दो छक्के और पांच चौके लगाकर 51 रन बनाए। हालांकि उनके प्रयास के बावजूद पूरी टीम 113 रन पर सिमट गई और रायल राइडर पंजाब ने मुकाबला 43 रन से अपने नाम कर लिया।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें