
खबरों की दुनिया, रामनगर
हल्द्वानी से देहरादून जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की एक रोडवेज बस गुरुवार को बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। बेलगढ़ क्षेत्र के पास अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कच्चे हिस्से में धंस गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस में उस समय लगभग 25 से 30 यात्री सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, बस संख्या यूके-04 पीए 1681 हल्द्वानी से देहरादून की ओर जा रही थी। बेलगढ़ के समीप अचानक एक बाइक सामने आ गई। उसे बचाने के लिए चालक ने तुरंत ब्रेक लगाए और बस को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान बस सड़क के किनारे धंस गई। हादसे में 6 से 7 यात्रियों को हल्की चोटें आईं। घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा कुछ को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। राहत की बात यह रही कि बस पलटने से बच गई, अन्यथा जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को भी अवगत कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराने में सहयोग किया। बस को सड़क से निकालने के दौरान कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। यात्रियों ने बस चालक की सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि चालक की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।