खबरों की दुनिया, सितारगंज
सितारगंज से हरियाणा भेजे जाने वाले 420 क्विंटल चावल डिलीवरी से पहले ही गायब हो गया। मामले में पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।उद्योगपति अमित कुमार मित्तल ने बताया कि उनकी फर्म एमबी एग्रो मिल ने रुद्रपुर निवासी एक ब्रोकर के माध्यम से 5 फरवरी को 420 क्विंटल चावल की बिक्री की, जिसकी कीमत 9.39 लाख रुपए है। उन्होंने कहा कि माल के ट्रांसपोर्ट की जिम्मेदारी ब्रोकर की होती है। 5 फरवरी को ट्रांसपोर्टर के माध्यम से चावल के 656 बैग ट्रक में लोड किए गए थे। चावल हरियाणा के सामलखां में जाना था। कई दिन बाद भी भुगतान न मिलने पर जब जानकारी ली गई, तो पता चला कि चावल हरियाणा नहीं पहुंचा। पीड़ित ने आरोप लगाया कि ब्रोकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर चावल हड़प लिया। उन्होंने बताया कि आज तक ट्रक में लोड किए गए चावल का कोई पता नहीं चला।







