नैनीताल पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, माल रोड से राजभवन तक जीरो जोन

प्रशासन व पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े और बहुस्तरीय इंतजाम किए

खबरों की दुनिया, नैनीताल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय प्रवास पर सोमवार को नैनीताल पहुंचीं। राष्ट्रपति के आगमन से पहले नगर प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े और बहुस्तरीय इंतजाम किए। राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान नगर की माल रोड को पूर्ण रूप से जीरो जोन घोषित किया गया, जिससे आम वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक रही। केवल अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई।

राष्ट्रपति के स्वागत के लिए राज्यपाल गुरमीत सिंह के अलावा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने राजभवन में उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। समारोह में वे विश्वविद्यालय के विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के साथ उपाधियां प्रदान करेंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस अवसर पर भव्य समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। इसके पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कैंची धाम पहुंच बाबा नीब करौली महाराज के दर्शन करेंगी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और खुफिया विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। शहर में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और एलआईयू टीमों को तैनात किया गया है। साथ ही, माल रोड, तल्लीताल, मल्लीताल और राजभवन परिसर के आसपास पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। यातायात को डायवर्ट करते हुए पर्यटक वाहनों के लिए वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है। शहर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। राष्ट्रपति का यह दौरा राज्य स्थापना दिवस समारोहों के साथ नैनीताल के लिए गौरवपूर्ण अवसर है, क्योंकि इस दौरान वे न केवल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी, बल्कि राजभवन के 125 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भी शामिल होकर इस ऐतिहासिक धरोहर को नई पहचान देंगी।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें