खबरों की दुनिया, काशीपुर
ऑपरेशन से हुई डिलीवरी के बाद गर्भवती महिला की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंचे नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने कागजों में कमी पाए जाने पर अस्पताल को सील कर दिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुरुवार को अलीगंज के बढ़ापुर निवासी गर्भवती 32 वर्षीय रेनू पत्नी सरजीत सिंह को लेबर पेन हुआ। इसके बाद परिजन उसको लेकर एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय ले गए। जहां से डाक्टरों ने उसको अन्यत्र रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसको मोहल्ला टांडा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। जहां पर अस्पताल में उसको भर्ती कर लिया गया। शुक्रवार की सुबह रेनू को ऑपरेशन के बाद एक बेटा पैदा हुआ। लेकिन कुछ देर बाद ही रेनू की मौत हो गई। सूचना के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। इसकी सूचना किसी ने समाजसेवी गगन कंबोज को दे दी। इसके बाद वह भी मौके पर पहुंच गए। गगन कंबोज ने मामले में प्रशासन से अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी अमरजीत साहनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां उन्होंने कागजात चेक किए। इसमें भारी कमियां पाई गईं। इस पर टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी अमरजीत साहनी ने बताया कि दस्तावेजों में कमियां पाए जाने पर अस्पताल को सील कर दिया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर अस्पताल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


