होटल में महिला कारोबारी की मौत मामले में पार्टनर हिरासत में

खबरों की दुनिया, रुद्रपुर

शहर के एक प्रतिष्ठित पांच सितारा होटल में दिल्ली निवासी महिला कारोबारी ज्योति शर्मा (32) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में बिजनेस पार्टनर को हिरासत में लिया गया है। ज्योति अपने बिजनेस पार्टनर अमित चौधरी के साथ कैंची धाम दर्शन के लिए निकली थी और मंगलवार रात होटल रेडिसन ब्लू में रुकी थी। बुधवार सुबह ज्योति के न जागने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया है। होटल के कमरे की तलाशी में पुलिस को बीयर की बोतलें और सिगरेट बरामद हुई हैं। साथ ही, मृतका का शरीर नीला पड़ा पाया गया, जिससे मामला और उलझ गया है। मृतका की बहन वंदना ने बिजनेस पार्टनर अमित पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस ने अमित चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह हत्या, आत्महत्या या कोई हादसा है। फिलहाल, रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।

शादी का झांसा, करोड़ों की धोखाधड़ी और हत्या का आरोप : शहर के पांच सितारा होटल में हुई दिल्ली की महिला कारोबारी ज्योति शर्मा की मौत का मामला अब एक गहराती ”मिस्ट्री” बन गया है। मृतका की बहन वंदना शर्मा ने बिजनेस पार्टनर अमित चौधरी पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है। वंदना का आरोप है कि अमित ने ज्योति को शादी और दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित होटल ”बारबेक्यू नेशन” में साझेदारी का झांसा देकर उसका आर्थिक और मानसिक शोषण किया। आरोप के अनुसार, ज्योति ने व्यवसाय के लिए 38 लाख रुपये का ऋण लिया था, जिसे अमित ने हड़प लिया। इतना ही नहीं, अमित ने ज्योति के 200 ग्राम सोने और डेढ़ किलो चांदी के आभूषण भी निवेश के नाम पर ले लिए थे। बहन ने खुलासा किया कि अमित पहले भी ज्योति की जान लेने की कोशिश कर चुका था, जिसका मुकदमा 11 मार्च 2026 को दिल्ली के लोधी कॉलोनी थाने में दर्ज है। वंदना का दावा है कि अमित साक्ष्य मिटाने में माहिर है और उसने होटल के कमरे से भी सबूत गायब किए हैं। पंतनगर पुलिस ने इन संगीन आरोपों के आधार पर अमित के विरुद्ध जांच तेज कर दी है और दिल्ली पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है।

 

 

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें