खबरों की दुनिया, रामनगर
रामनगर क्षेत्र के ग्राम रिंगौड़ा में आंधी-तूफान के दौरान एक पेड़ गिरने से 13 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में आए तेज आंधी-तूफान ने काफी तबाही मचाई। इसी दौरान ग्राम रिंगौड़ा निवासी प्रकाश उपाध्याय के 13 वर्षीय पुत्र कार्तिक उपाध्याय पर एक विशालकाय हल्दू का पेड़ गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पेड़ की चपेट में आने से उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग की उदासीनता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिस पेड़ के गिरने से यह हादसा हुआ, उसे काटने या उसकी लॉपिंग करने के लिए गांव के लोग वर्ष 2012 से कई बार वन विभाग को लिखित शिकायत दे चुके थे, लेकिन विभाग ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण ही यह दुखद घटना हुई। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव में आज भी कई ऐसे पुराने और खतरनाक पेड़ खड़े हैं, जिनसे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद गांव के कुछ लोग सूचना देने के लिए रामनगर स्थित फायर ब्रिगेड कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों ने संसाधनों की कमी का हवाला देते हुए ग्रामीणों के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इधर घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों को समझाने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।





