शहर में कल नो-एंट्री, ट्रैफिक डायवर्जन लागू

खबरों की दुनिया, हल्द्वानी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 21 मार्च को प्रस्तावित दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने शहर में ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है।

सुबह 10 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक शहर के कई हिस्सों में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान हल्द्वानी में सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। खनन गेट भी बंद रहेंगे, और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन बाईपास मार्गों का इस्तेमाल करेंगे।

पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली बसों को नारीमन तिराहा से डायवर्ट करके गोलापार-तीनपानी मार्ग से रोडवेज स्टेशन तक लाया जाएगा। सिडकुल और अन्य निजी बसों को निर्धारित स्थानों तक ही अनुमति दी जाएगी, जहां से उन्हें वापस भेजा जाएगा। छोटे वाहनों के लिए भी डायवर्जन लागू रहेगा। बरेली, रामपुर और कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहनों को तीनपानी, गोलापार और अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। नैनीताल रोड से आने वाले वाहनों को नारीमन तिराहा से होकर डायवर्ट किया जाएगा।

जीरो जोन और प्रतिबंधित क्षेत्र

वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान नैनीताल बैंक तिराहा से सौरभ होटल तिराहा तक का क्षेत्र ‘जीरो जोन’ घोषित रहेगा। इस क्षेत्र में किसी भी वाहन का प्रवेश नहीं होगा। शहर के कई प्रमुख कट और तिराहों से भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

बस रूट और पार्किंग

रैली में शामिल होने वाली बसों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। बरेली रोड, रामपुर रोड, काशीपुर और पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली बसों को यात्रियों को उतारकर तय पार्किंग स्थलों में खड़ा किया जाएगा। पार्किंग भर जाने की स्थिति में वैकल्पिक स्थल भी चिन्हित किए गए हैं।

भवाली-भीमताल रूट पर कंटीजेंसी प्लान

रक्षा मंत्री के दौरे के दौरान भवाली, भीमताल और कैंचीधाम क्षेत्र के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले सभी छोटे और बड़े वाहन भीमताल मोड़ से ज्योलीकोट-भवाली बाईपास के रास्ते भेजे जाएंगे। पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले वाहन इसी वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे। पिथौरागढ़ और चम्पावत की ओर से आने वाले वाहनों को वीवीआईपी मूवमेंट से 15 मिनट पहले खुटानी बैंड पर रोका जाएगा। घोड़ाखाल से हल्द्वानी की ओर आने वाले मार्ग को वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान ‘जीरो जोन’ घोषित किया जाएगा।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें