
खबरों की दुनिया, नैनीताल
जनपद के नये जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंगलवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने सर्वप्रथम कोषागार नैनीताल पहुंचकर अभिलेखों, स्टाम्पों एवं संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया और औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत जिलाधिकारी रयाल ने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और नीतियों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में पर्यटन सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करना, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाना, तथा विकास कार्यों को समयबद्धता से पूर्ण करना उनकी शीर्ष प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने कहा कि नैनीताल जिले में आने वाले पर्यटकों को सुगम और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही वर्तमान में चल रहे विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग कर उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने कार्यालय सभाकक्ष में मुख्य विकास अधिकारी और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में विकास एवं राजस्व कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समाधान पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित करें। कहा कि जनता से मिलने का समय तय करें, संवाद बनाए रखें और प्रत्येक कार्य को उत्साह एवं जिम्मेदारी से पूरा करें। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास, एवं पंचायतीराज विभागों की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को समय पर मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने पंचायतीराज एवं नगर विकास विभाग को निर्देश दिए कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र समय पर जारी किए जाएं तथा यूसीसी प्रमाणपत्रों से संबंधित कार्यों की भी नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को न्यायालयों में लंबित वादों के निस्तारण में तेजी लाने और राजस्व विरासत के प्रकरणों का निस्तारण राजस्व मैनुअल के अनुसार समय पर करने के निर्देश दिए।इससे पूर्व नवागंतुक जिलाधिकारी के जनपद आगमन पर कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यभार संभालने के उपरांत विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, परितोष वर्मा, रेखा कोहली, राहुल वर्मा, बीसी. पंत, नवाजिश खलिक, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





