नैनीताल पुलिस ने 32 लाख की स्मैक के साथ तस्कर दबोचा

काली कमाई से अर्जित संपत्ति होगी कुर्क

खबरों की दुनिया, नैनीताल

नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से करीब 32 लाख रुपये कीमत की 121 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस अब आरोपी की अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की जांच कर कुर्की की कार्रवाई भी करेगी।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान गौला बाईपास रोड के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 121 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहम्मद उमेर (24 वर्ष), निवासी अजीज गली, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (हाल निवासी टांडा, शेखपुरा) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी बरेली से स्मैक लाकर हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में सप्लाई करता था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में एफआईआर संख्या 31/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा (एसओजी) तथा कांस्टेबल संतोष बिष्ट शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने टीम को 2,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। एसएसपी ने बताया कि नवंबर माह से अब तक जिले में नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में 55 तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 44 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने 7.96 किलोग्राम चरस, 768.32 ग्राम स्मैक, 83 किलोग्राम गांजा, 180 नशीली गोलियां, 24 कैप्सूल तथा 993 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं।

रामनगर पुलिस ने 10 किलो गांजे के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार : एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि जिले के अन्य क्षेत्रों में भी अभियान जारी है। अभियान के तहत रामनगर में एक तस्कर को 9.84 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि लालकुआं में दो आरोपियों को 7.68 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

 

 

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें