विंटर कार्निवाल में छाया चारु सेमवाल और परमीश वर्मा का जादू, सुरों और ताल पर झूम उठा नैनीताल

सांसद अजय भट्ट ने किया स्टार नाइट का भव्य उद्घाटन

खबरों की दुनिया, नैनीताल

सात साल के लंबे इंतज़ार के बाद नैनीताल एक बार फिर रंग, रौशनी और संगीत की चकाचौंध में सराबोर हो उठा। शीतकालीन पर्यटन को नई उड़ान देने वाले विंटर कार्निवाल का आगाज़ ऐसा हुआ कि पहाड़ों की ठंडी रातें भी सुरों की गर्माहट से महक उठीं। कार्निवाल के दूसरे दिन आयोजित स्टार नाइट में बॉलीवुड और पंजाबी संगीत के सितारों ने ऐसा समां बांधा कि पर्यटक और स्थानीय लोग देर रात तक झूमते रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और कुमाऊं की अमर प्रेम कथा राजुला-मालूशाही की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुई, जिसने दर्शकों को संस्कृति की जड़ों से जोड़ दिया। स्टार नाइट के मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सरिता आर्या मौजूद रहीं।  सांसद अजय भट्ट ने दीप प्रज्वलन कर स्टार नाइट का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद संगीत का ऐसा सिलसिला शुरू हुआ जिसने पूरे नैनीताल को थिरकने पर मजबूर कर दिया। वैशाली ने “माही वे मोहब्बतां वे”, “आज की रात मज़ा हुस्न का आंखों से लीजिए”, “मैं तेरी दिल्लगी” और “अभी तो पार्टी शुरू हुई है” जैसे गीतों से माहौल को पूरी तरह गर्म कर दिया। मिश्रा की आवाज़ में “तू जो छू ले प्यार से आराम से मर जाऊं” ने श्रोताओं को भावुक कर दिया।

इसके बाद मंच पर छाईं सुपर स्टार चारु सेमवाल, जिनके गीतों पर दर्शक खुद को रोक नहीं पाए। “रात बाकी बात बाकी”, “दीवानी चली रे चली”, “लगा जा गले”, “कजरा रे”, “तम्मा तम्मा”, “यार बिना चैन कहां रे”, “हरे कृष्णा हरे राम” और “बीडी जलाईले” जैसे सुपरहिट गीतों पर पूरा पंत पार्क झूम उठा।

रात का सबसे ऊर्जावान पल तब आया जब मंच संभाला पंजाबी सुपर स्टार परमीश वर्मा ने। “जाट कर”, “तेरी यां गद्दियां”, “पट्ट लाके”, “गाल नी कडनी”, “सारे आम गल्लां”, “बदनाम नाम जाट” और “खुला गल करदे यारा जट” जैसे धमाकेदार गीतों पर युवाओं की भीड़ झूमती नजर आई।

मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट ने कहा कि यह कार्निवाल नैनीताल की संस्कृति-प्रेमी जनता की पहचान है। कुमाऊं की लोकसंस्कृति अब देशभर में अपनी छाप छोड़ रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नैनीताल के प्रति विशेष लगाव का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन “आओ घाम तापों” थीम के अनुरूप किया गया है। इस अवसर पर “देवी भवानी दैणा होए” गीत की प्रस्तुति ने सांस्कृतिक रंग और गहरा कर दिया। विधायक सरिता आर्या ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि कोरोना काल के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर विंटर कार्निवाल की पुनः शुरुआत की गई है और नैनीताल का मौसम इसके लिए पूरी तरह अनुकूल है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह भव्य आयोजन किया गया है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय, एसडीएम नवाजिश खालिक, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी, प्रताप बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विंटर कार्निवाल की स्टार नाइट नैनीताल के इतिहास में एक यादगार शाम बनकर दर्ज हो गई, जहां संगीत, संस्कृति और उत्सव ने मिलकर सर्द रात को गर्मजोशी से भर दिया।

 

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें