–सिर में गंभीर चोट, ऑपरेशन के बावजूद नहीं बच सकी जान
खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
सुबह की सैर पर निकले एक अधेड़ की ई-रिक्शा की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। दुर्घटना के बाद ई-रिक्शा चालक ही उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां ऑपरेशन के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार, चौफुला ऊंचापुल, बिठौरिया नंबर एक, हरिपुर नायक निवासी भूपाल सिंह (49) पुत्र बहादुर सिंह अपने परिवार के साथ रहते थे। शनिवार सुबह करीब 6 बजे वह रोज की तरह टहलने निकले थे। घर के पास ही एक ई-रिक्शा तेजी से बैक हो रहा था, तभी वह उसकी चपेट में आ गए। टक्कर लगने से भूपाल सिंह सिर के बल गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। ई-रिक्शा चालक उन्हें तुरंत नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



